ऑस्ट्रेलियाई सरकार बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। अगले हफ्ते से देश में 16 साल की उम्र सीमा लागू होगी, जिसके तहत 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चे फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर आधिकारिक तौर पर अकाउंट नहीं बना सकेंगे।
कुल 10 प्लेटफॉर्म्स—फेसबुक, इंस्टाग्राम, रेडिट, स्नैपचैट, थ्रेड्स, टिकटॉक, एक्स, यूट्यूब और ट्विच—इस नियम के दायरे में हैं। 10 दिसंबर से, अगर कंपनियां नाबालिग अकाउंट्स हटाने के लिए कदम नहीं उठाती हैं, तो उन्हें 33 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।
ऑस्ट्रेलिया में ई-सेफ्टी कमिश्नर नियुक्त किए गए हैं, जो हर महीने छह महीनों तक प्लेटफॉर्म्स से हटाए गए अकाउंट्स की संख्या रिपोर्ट करेंगे। संचार मंत्री अनीका वेल्स ने कहा कि उम्र सत्यापन प्रक्रिया में समय लग सकता है, लेकिन नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।
Google और Meta ने अपने प्लेटफॉर्म्स पर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस दिशा में दुनिया के अन्य देश भी कदम उठा रहे हैं, जैसे मलेशिया, यूरोपियन आयोग, फ्रांस, डेनमार्क, ग्रीस, रोमानिया और न्यूजीलैंड। ऑस्ट्रेलिया का यह कदम ऑनलाइन सुरक्षा के नए वैश्विक मानक तय कर सकता है।









