रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर के पहले सप्ताह में भारत दौरे पर आएंगे। पुतिन 4 और 5 दिसंबर को भारत में रहेंगे और इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। भारत के विदेश मंत्रालय ने भी इस यात्रा की आधिकारिक पुष्टि की है। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा होगी और सहयोग के अगले चरण की दिशा तय की जाएगी। बैठक 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के तहत आयोजित होगी।
इस यात्रा के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित होगा। पुतिन ने इससे पहले 2021 में भारत का दौरा किया था, जबकि पीएम मोदी ने 2024 में दो बार रूस का दौरा किया, जिसमें उन्होंने पुतिन को भारत आने का न्योता दिया था।
पुतिन और मोदी की मुलाकात पिछले अगस्त में चीन में शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) समिट के दौरान भी हुई थी। इस दौरे से भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने, साझा हितों पर विचार साझा करने और क्षेत्रीय-सामरिक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने का अवसर मिलेगा। यह दौरा दोनों देशों के मजबूत और स्थायी संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









