केरल के पथानामथिट्टा ज़िले स्थित सबरीमाला मंदिर से सोना गायब होने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (TDB) के पूर्व अध्यक्ष और CPI(M) नेता ए. पद्मकुमार को विशेष जांच दल (SIT) ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तिरुवनंतपुरम स्थित अपराध शाखा कार्यालय में घंटों चली पूछताछ के तुरंत बाद की गई। अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पद्मकुमार इस सोना लूट मामले के मुख्य साजिशकर्ता हैं और उन्होंने मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी के साथ उसके घर पर गोपनीय बैठक की थी।
पद्मकुमार को 2019 में TDB अध्यक्ष बनाया गया था। उसी समय पोट्टी को मंदिर के द्वारपालक की मूर्तियों और श्रीकोविल की चौखट पर लगी सोने की परतों को विद्युत लेपन के लिए सौंपने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि पद्मकुमार लगातार दावा करते रहे हैं कि जब सोने से मढ़ी तांबे की तख्तियां पोट्टी को दी गईं, तब वे बोर्ड के अध्यक्ष नहीं थे।
यह मामले में हुई पांचवीं गिरफ्तारी है। इससे पहले SIT मुख्य आरोपी पोट्टी के साथ पूर्व कार्यकारी अधिकारी सुधीश कुमार और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी बी. मुरारी बाबू को हिरासत में ले चुकी है। जांच एजेंसी अब पूरे सोना गायब होने की साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।









