हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर और मोस्ट वांटेड अपराधी नोनी राणा आखिरकार अमेरिकी एजेंसियों के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस और खुफिया विभागों की लगातार तलाश के बाद उसे नियाग्रा बॉर्डर के पास हिरासत में लिया गया, जहां वह अमेरिका से कनाडा भागने की कोशिश कर रहा था।
नोनी राणा, कुख्यात गैंगस्टर काला राणा के छोटे भाई के रूप में जाना जाता है। हरियाणा पुलिस और राष्ट्रीय खुफिया एजेंसियां लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय थीं। नोनी राणा की गिरफ्तारी के बाद उसके प्रत्यर्पण और भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।
इससे पहले, एनआईए ने गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया था। अनमोल बिश्नोई पर देश और विदेश में कई संगीन आपराधिक मामलों में आरोप हैं, जिसमें पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या और पिछले साल अप्रैल में अभिनेता सलमान खान के घर गोलीबारी की घटना शामिल है। एनआईए के मुताबिक, अमेरिका से ही अनमोल बिश्नोई देश में आतंकी और आपराधिक सिंडिकेट चला रहा था।
हरियाणा पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने लगातार मोस्ट वांटेड अपराधियों की तलाश में बड़ी सफलता हासिल की है। नोनी राणा की गिरफ्तारी से राज्य और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत में अदालत में पेश किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।









