ICC ने अंडर-19 विश्व कप 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 15 जनवरी को होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को खेला जाएगा। इस बार वर्ल्ड कप की मेजबानी जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। कुल 16 टीमें भाग लेंगी और 41 मैचों के बाद नया अंडर-19 विश्व चैंपियन तय होगा।
मैच जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब, ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब और क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे, जबकि नामीबिया में मुकाबले नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड और एचपी ओवल में आयोजित होंगे। सभी टीमों को चार समूहों में बांटा गया है। ग्रुप स्टेज के बाद सुपर-6, फिर सेमीफाइनल और अंत में खिताबी मुकाबला होगा।
भारत को ग्रुप-ए में बांग्लादेश, अमेरिका और न्यूजीलैंड के साथ रखा गया है। ग्रुप-बी में पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड हैं। ग्रुप-सी में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जापान और आयरलैंड शामिल हैं, जबकि ग्रुप-डी में तंजानिया, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान की टीमें होंगी।
टीम इंडिया अपने सभी लीग मैच क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो में खेलेगी। पहला मुकाबला 15 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ होगा। इसके बाद 17 जनवरी को भारत बांग्लादेश से भिड़ेगा और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से मुकाबला होगा। उम्मीद है कि बीसीसीआई जल्द ही भारतीय टीम की घोषणा करेगा।









