दुनिया में खूबसूरती को लेकर कई तरह के मानक रहे हैं-कहीं गोरा रंग अहम रहा, कहीं तीखे नैन-नक्श या फिर व्यक्तित्व का प्रभाव। लेकिन अब सुंदरता को परखने का नया आधार बना है गणित, वह भी एक प्राचीन फॉर्मूला—गोल्डन रेशियो। इसी गणितीय मानक के आधार पर लंदन के प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. जूलियन डी सिल्वा ने दुनिया की सबसे आकर्षक महिलाओं की सूची तैयार की है, जिसमें भारत की ऐश्वर्या राय बच्चन को 8वां स्थान मिला है।
गोल्डन रेशियो, यानी 1.618 का यह विशेष अनुपात प्रकृति के सबसे संतुलित और आकर्षक डिज़ाइनों में पाया जाता है। डॉ. डी सिल्वा ने आधुनिक फेस-मैपिंग तकनीक का उपयोग कर दुनिया भर की प्रसिद्ध हस्तियों के चेहरे स्कैन किए और उनके फीचर्स को इस रेशियो से मिलान कर स्कोर दिया। इस प्रक्रिया में चेहरों की समरूपता, आंखों व होंठों का अनुपात, जॉलाइन और चेहरे की बनावट को आधार बनाया गया।
ऐश्वर्या राय को 93.41% का प्रभावशाली स्कोर मिला, जो बताता है कि उनके चेहरे के फीचर्स बेहतरीन संतुलन में हैं-यही वजह है कि उनकी खूबसूरती वैश्विक स्तर पर भी उतनी ही प्रभावशाली मानी जाती है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर अमेरिकी एक्ट्रेस एमा स्टोन रहीं, जिन्होंने 94.72% का सर्वाधिक स्कोर हासिल किया। यह सर्वे साबित करता है कि रंग, नस्ल या सांस्कृतिक मानक नहीं, बल्कि ‘फीचर्स का संतुलन’ खूबसूरती का नया पैमाना बन चुका है।









