दिल्ली ब्लास्ट मामले में एनआईए ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है और हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किए गए डॉक्टर मुजम्मिल शकील के दो ठिकानों से 2900 किलो विस्फोटक बरामद हुआ था। अब उसके फोन की जांच में चौंकाने वाली जानकारी मिली है। डंप डेटा से पता चला है कि मुजम्मिल और उसके साथी डॉक्टर उमर का प्लान 26 जनवरी और दिवाली जैसे खास मौकों पर लाल किले पर धमाका करने का था। जनवरी के पहले हफ्ते में दोनों ने लाल किले की रेकी भी की थी।
डॉक्टर उमर वही संदिग्ध है, जिस पर लाल किले के पास हुंडई i20 कार में हुए धमाके का आरोप है, जिसमें 12 लोगों की मौत हुई थी। जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों आतंकी भीड़भाड़ वाले मौकों को निशाना बनाना चाहते थे ताकि बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया जा सके, लेकिन वे अपनी साजिश पूरी नहीं कर पाए।
इसी बीच, एनआईए ने हरियाणा के मेवात से मौलवी इस्ताक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गांव में अपना कमरा मुजम्मिल को किराए पर दिया था, जहां से 2500 किलो से अधिक विस्फोटक बरामद हुआ। मौलवी से एनआईए और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम पूछताछ कर रही है, ताकि इस आतंकी नेटवर्क के अन्य संबंधों का पता लगाया जा सके।









