कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद अपनी पहली भारत यात्रा पर हैं और सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की. पीएम मोदी ने इस यात्रा को भारत-कनाडा द्विपक्षीय संबंधों में नई ऊर्जा लाने वाला कदम बताया. उन्होंने G-7 शिखर सम्मेलन में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ हुई अपनी बैठक को याद किया और उसमें हुए रचनात्मक संवाद की चर्चा की.
सरकारी बयान के अनुसार, दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, कृषि, प्रौद्योगिकी और लोगों से लोगों के संबंध को लेकर सहयोग को और आगे बढ़ाने पर सहमति बनी. अनीता आनंद ने भी बैठक को रचनात्मक बताते हुए कहा कि भारत और कनाडा कानून प्रवर्तन और सुरक्षा संवाद बनाए रखते हुए अपने आर्थिक रिश्तों को मजबूत कर रहे हैं.
इससे पहले रविवार को अनीता आनंद ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी बैठक की. जयशंकर ने कहा कि आज की वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में भारत और कनाडा को मजबूत और व्यापक साझेदारी की दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए. दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा की. यह दौरा अनीता आनंद के लिए विदेश मंत्री बनने के बाद पहला भारत दौरा है. इस यात्रा के तहत वह सिंगापुर और चीन भी जाएंगी. भारत में उनके कार्यक्रमों में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात भी शामिल है.









