कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह एवं वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के हालिया बयान ने पार्टी में हलचल मचा दी है. हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित खुशवंत सिंह साहित्य महोत्सव में बोलते हुए चिदंबरम ने कहा कि 1984 में स्वर्ण मंदिर में किए गए ऑपरेशन ब्लू स्टार का तरीका गलत था. उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इस गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई.
चिदंबरम ने यह टिप्पणी पत्रकार हरिंदर बावेजा की किताब ‘They Will Shoot You, Madam’ पर चर्चा के दौरान दी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय केवल इंदिरा गांधी का नहीं था, बल्कि इसमें सेना, पुलिस, इंटेलिजेंस और प्रशासनिक अधिकारियों की सामूहिक सहमति थी. फिर भी, उनका मानना है कि यह निर्णय गलत था.
हालांकि, चिदंबरम के इस बयान से कांग्रेस पार्टी के भीतर असंतोष फैल गया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व से लेकर जमीनी कार्यकर्ता तक इस बयान से नाराज़ हैं. उनका मानना है कि वरिष्ठ नेताओं को सार्वजनिक मंचों पर ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर बयान देने से बचना चाहिए, जिससे पार्टी की छवि पर असर पड़े. गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी ने भी मई में ऑपरेशन ब्लू स्टार को “गलती” बताया था. अब चिदंबरम की टिप्पणी ने उस पुराने विवाद को एक बार फिर हवा दे दी है, जिससे कांग्रेस को राजनीतिक तौर पर नुकसान हो सकता है.









