Religion

करवा चौथ 2025: जानें पूजन विधि, शुभ मुहूर्त और कथा

करवा चौथ विवाहित महिलाओं द्वारा रखा जाने वाला एक प्रमुख व्रत है, जो इस वर्ष 10 अक्टूबर, शुक्रवार को मनाया जा रहा है. यह व्रत कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है, जिसे कर्क चतुर्थी भी कहा जाता है. महिलाएं इस दिन सूर्योदय से लेकर चंद्रोदय तक निर्जला उपवास रखती हैं और रात को चंद्रमा के दर्शन के बाद ही जल व अन्न ग्रहण करती हैं.

इस वर्ष चतुर्थी तिथि 9 अक्टूबर की रात 10:54 बजे से शुरू होकर 10 अक्टूबर को शाम 7:38 बजे तक रहेगी. करवा चौथ पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:57 से 7:11 तक है. चंद्रोदय का समय रात 8:14 बजे बताया गया है. पूजन विधि में महिलाएं सोलह श्रृंगार कर करवा माता की पूजा करती हैं. आटे व हल्दी से बनाए गए चित्र पर करवा रखकर उसमें खील-बताशे व साबुत अनाज डाले जाते हैं. साथ ही, दीपक जलाकर कथा सुनी जाती है और चांद को अर्घ्य दिया जाता है.

पौराणिक कथा के अनुसार, करवा नामक सती महिला ने अपने सतीत्व के बल से मगरमच्छ को वश में कर पति की जान बचाई थी. इसी प्रकार की कथा सावित्री की भी है. इन्हीं घटनाओं से प्रेरित होकर महिलाएं करवा चौथ का व्रत रखती हैं और अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं.