मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच एक बड़ी उम्मीद जगी है. गाज़ा में युद्धविराम को लेकर बने प्रस्ताव पर इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सहमति जताई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर यह जानकारी साझा की. ट्रंप ने कहा कि जैसे ही हमास इस योजना की पुष्टि करेगा, युद्धविराम तुरंत लागू कर दिया जाएगा और बंधकों व कैदियों की अदला-बदली शुरू हो जाएगी.
उन्होंने बताया कि इज़रायल ‘प्रारंभिक वापसी रेखा’ पर सहमत हो गया है और यह प्रस्ताव हमास के साथ साझा किया जा चुका है. ट्रंप ने यह भी कहा कि इस युद्धविराम से इज़रायल की गाज़ा से वापसी के अगले चरण की नींव रखी जाएगी, जिससे यह 3,000 वर्षों से चल रही तबाही समाप्त होने के करीब आ सकती है.
ट्रंप ने इज़रायल की सराहना करते हुए कहा कि उसने बमबारी को अस्थायी रूप से रोकने का बड़ा फैसला लिया है. साथ ही उन्होंने हमास को आगाह करते हुए कहा कि वह इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकार करे, क्योंकि किसी भी तरह की देरी या बाधा को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ट्रंप ने युद्धविराम के इस मौके को बंधक रिहाई और स्थायी शांति समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.









