National Uttar Pradesh

UP: फर्रुखाबाद में कोचिंग सेंटर में विस्फोट, दो छात्रों की मौत, छह गंभीर

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शनिवार शाम एक कोचिंग सेंटर में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें दो छात्रों की मौके पर मौत हो गई जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कादरीगेट थाना क्षेत्र के सातनपुर मंडी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा और बिल्डिंग का मलबा 20 मीटर तक फैल गया. आवाज लगभग दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई.

धमाके की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह धमाका सेफ्टिक टैंक में गैस भरने की वजह से हुआ. फॉरेंसिक टीम ने मीथेन गैस के रिसाव को विस्फोट का मुख्य कारण बताया है. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और कोचिंग सेंटर से संबंधित सभी रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे में कोई और छात्र तो नहीं फंसा है. डीएम आशुतोष द्विवेदी और एसपी आरती सिंह घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.