National

कफ सिरप से बच्चों की मौत के बाद हड़कंप, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बिक्री पर रोक

राजस्थान और मध्य प्रदेश में कथित तौर पर ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप पीने से 12 बच्चों की मौत के बाद देशभर में चिंता का माहौल है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने तत्काल प्रभाव से इस सिरप की बिक्री और निर्माण पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, 1 अक्टूबर से राज्य में इस सिरप का उत्पादन और बाजार में बिक्री पूरी तरह बंद कर दी गई है.

‘कोल्ड्रिफ’ सिरप चेन्नई की एक फार्मा कंपनी द्वारा कांचीपुरम जिले में तैयार किया जा रहा था. तमिलनाडु सरकार ने सिरप के नमूनों की जांच के बाद उत्पादन यूनिट का निरीक्षण किया और लैब रिपोर्ट आने के बाद प्रतिबंध का आदेश जारी किया. इसी तरह, मध्य प्रदेश सरकार ने छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत के बाद सिरप की बिक्री पर रोक लगा दी है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कंपनी के अन्य उत्पादों पर भी प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं.

राजस्थान में भी सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य के औषधि नियंत्रक को सस्पेंड कर दिया है और जयपुर स्थित केसन्स फार्मा की सभी 19 दवाओं की आपूर्ति पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई है. इसके साथ ही, डेक्सट्रोमेथॉर्फन युक्त अन्य कफ सिरप के वितरण को भी फिलहाल रोक दिया गया है. इन घटनाओं के बाद फार्मा रेगुलेशन और बच्चों की दवाओं की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.