प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर को ओडिशा से BSNL के स्वदेशी 4G नेटवर्क का शुभारंभ किया, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इस अत्याधुनिक नेटवर्क को 98,000 साइट्स पर रोलआउट किया गया है, और इसकी खास बात यह है कि इसे भारत में ही विकसित किया गया है. यह टेक्नोलॉजी इस तरह से डिज़ाइन की गई है कि इसे भविष्य में 5G में अपग्रेड करना बेहद आसान होगा. इसके साथ ही भारत अब उन चुनिंदा पांच देशों में शामिल हो गया है जो खुद का टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करते हैं.
BSNL ने इसे महज़ एक इंटरनेट नेटवर्क न बताकर, “नई आशा, नए अवसर और नए भारत” का प्रतीक कहा है. यह न सिर्फ ग्रामीण इलाकों में हाई-स्पीड कनेक्टिविटी लाएगा, बल्कि भारत की तकनीकी ताकत को वैश्विक स्तर पर मजबूत करेगा. अब BSNL की नजर जल्द 5G नेटवर्क के रोलआउट पर है, जिससे भारत की डिजिटल क्रांति को और रफ्तार मिलेगी.









