दिल्ली एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब रनवे पर एक डरा-सहमा 13 साल का बच्चा मिला. हैरानी की बात ये थी कि वह कोई यात्री नहीं था, बल्कि काबुल से आई फ्लाइट के लैंडिंग गियर में छिपकर भारत पहुंच गया था. ये चौंकाने वाली घटना काबुल एयरपोर्ट पर हुई जब बच्चा सुरक्षा को चकमा देकर बिना पासपोर्ट व टिकट के फ्लाइट तक पहुंच गया और प्लेन के नीचे मौजूद लैंडिंग गियर में छिप गया.
काम एयरलाइंस की फ्लाइट RQ 4401 जैसे ही दिल्ली पहुंची, रनवे पर बच्चे को देखकर अधिकारियों को यकीन नहीं हुआ. पूछताछ में जब उसने अपनी कहानी बताई, तो सभी चौंक गए. वह दरअसल गलती से दिल्ली आ गया, जबकि उसे ईरान जाना था.
बता दें कि लैंडिंग गियर विमान का वह हिस्सा होता है जो टेकऑफ और लैंडिंग के समय विमान को सहारा देता है. यह पहियों और हाइड्रोलिक सिस्टम से बना होता है और भारी दबाव व गति को झेलने की क्षमता रखता है. बच्चे की उम्र, मानसिक स्थिति और परिवार से संपर्क के बाद भारतीय एजेंसियों ने मानवीय आधार पर कोई केस दर्ज नहीं किया और उसे वापस काबुल भेज दिया गया. ये घटना हवाई सुरक्षा और बाल तस्करी के खतरे पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है.








