शुक्रवार का दिन अडानी ग्रुप और उसके निवेशकों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुआ. दरअसल, SEBI (भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड) ने अडानी ग्रुप को अमेरिका की रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग द्वारा लगाए गए सभी आरोपों से क्लीन चिट दे दी. इसके बाद शेयर बाजार में अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों ने जोरदार तेजी दिखाई.
शेयरों में बढ़त की बात करें तो, अडानी टोटल गैस के शेयर में सबसे ज्यादा 12.57% की तेजी आई. वहीं, अडानी पावर के शेयर करीब 9% और अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 5.23% तक चढ़ गए. इस उछाल से अडानी ग्रुप की कुल मार्केट वैल्यू में एक ही दिन में ₹48,612 करोड़ का इजाफा हुआ. यह दर्शाता है कि निवेशकों का भरोसा फिर से लौट आया है.
मामला क्या था?
जनवरी 2023 में अमेरिकी फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडानी ग्रुप पर शेयरों की हेराफेरी, इनसाइडर ट्रेडिंग, और नियमों के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. इसके चलते अडानी ग्रुप को बड़ा नुकसान हुआ और शेयरों में भारी गिरावट आई. हालांकि, SEBI की जांच में पाया गया कि अडानी ग्रुप ने कोई नियम नहीं तोड़े. जिन कंपनियों से लेन-देन हुआ, वे अडानी से जुड़ी पार्टियां नहीं थीं और सभी लोन समय पर चुका दिए गए थे. इस फैसले से ग्रुप की छवि को बड़ा सहारा मिला है.
