World

कैलिफोर्निया में तेलंगाना के युवक को पुलिस ने मारी गोली, परिवार को दो हफ्ते बाद मिली सूचना

तेलंगाना के निजामुद्दीन नाम के युवक की अमेरिका के कैलिफोर्निया में पुलिस फायरिंग में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि 3 सितंबर की सुबह सांता क्लारा में उसने कथित रूप से अपने रूममेट पर चाकू से हमला किया था. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोली चला दी. निजामुद्दीन को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसके परिवार को इस हादसे की जानकारी 18 सितंबर को मिली, यानी दो हफ्ते बाद. निजामुद्दीन के पिता, जो एक रिटायर्ड टीचर हैं, ने बताया कि उनके बेटे के एक दोस्त ने उन्हें फोन कर इसकी जानकारी दी. परिवार का कहना है कि वे लगातार बेटे को कॉल कर रहे थे, लेकिन फोन बंद आ रहा था.

निजामुद्दीन 2016 में पढ़ाई के लिए अमेरिका गया था और बाद में सांता क्लारा में रहने लगा था. अब सामाजिक कार्यकर्ता अमजद उल्लाह खान ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अपील की है कि युवक का पार्थिव शरीर भारत लाने की व्यवस्था की जाए. शव फिलहाल स्थानीय अस्पताल में रखा गया है और कानूनी प्रक्रिया जारी है.