प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित मणिपुर यात्रा से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी को पूर्वोत्तर में बड़ा सियासी झटका लगा है. मणिपुर के उखरुल जिले के फुंग्यार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के 43 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफा देने वालों में मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा के प्रमुख, और कई बूथ अध्यक्ष शामिल हैं. यह इलाका नगा बहुल है, जो पहले से ही जातीय तनावों के केंद्र में रहा है.
पार्टी के अंदरूनी हालात से नाराज़गी
सामूहिक इस्तीफे के साथ जारी बयान में नेताओं ने पार्टी में “परामर्श की कमी, समावेशिता का अभाव और जमीनी नेतृत्व के प्रति सम्मान की कमी” को कारण बताया. उन्होंने लिखा-“हमारी निष्ठा पार्टी और उसकी विचारधारा के प्रति अटूट रही है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों ने हमें यह कठोर कदम उठाने पर मजबूर किया. हम अपने समुदाय और मणिपुर की जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं.”
हिंसा के बाद पहली बार मणिपुर आएंगे पीएम
प्रधानमंत्री मोदी के शनिवार को मणिपुर पहुंचने की संभावना है. यह यात्रा मई 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद उनकी पहली मणिपुर यात्रा होगी. उस हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं. हिंसा के बाद राज्य में हालात लगातार बिगड़ते रहे, जिसके चलते फरवरी में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने इस्तीफा दिया और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया.









