World

सूडान में भूस्खलन से भारी तबाही, 1000 लोगों की मौत

सूडान के पश्चिमी इलाके मार्रा पर्वतीय क्षेत्र में हुए भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है. जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में एक पूरा गांव मिट्टी में दब गया और कम से कम 1000 लोगों की जान चली गई. हादसा 31 अगस्त की रात को हुआ, जब लगातार बारिश के बाद अचानक पहाड़ खिसक गया. स्थानीय संगठन सूडान लिबरेशन मूवमेंट/आर्मी का कहना है कि इस हादसे में सिर्फ एक व्यक्ति ही जीवित बच पाया है. गांव के लोगों ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से मदद की अपील की है, ताकि मलबे में दबे शवों को बाहर निकाला जा सके.

लोगों का कहना है कि भूस्खलन के बाद गांव पूरी तरह खत्म हो गया है. वहीं, दारफुर के गवर्नर मिन्नी मिन्नावी ने इसे एक “मानवीय त्रासदी” बताया है और दुनिया से तत्काल मदद मांगी है. गौरतलब है कि सूडान पहले से ही भीषण गृहयुद्ध झेल रहा है. सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच संघर्ष के कारण लाखों लोग बेघर हो चुके हैं और देश भुखमरी के संकट से जूझ रहा है.