कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों को भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। आयोग ने अपने बयान में कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है और ऐसे बेबुनियाद एवं गैर-जिम्मेदाराना बयानों को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। साथ ही, चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्य को पूरी निष्ठा से निभाएं और इस प्रकार के आरोपों को नजरअंदाज करें।
इससे पहले संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा, “हमारे पास इस वोट चोरी के पुख्ता सबूत हैं। यह कोई सामान्य बात नहीं है – इस प्रक्रिया में चुनाव आयोग की सीधी भागीदारी है।” उन्होंने आगे कहा कि, “बिहार की एसआईआर रिपोर्ट इस बात की पुष्टि करती है। जो भी लोग इस प्रक्रिया में ऊपर से नीचे तक शामिल हैं, हम उन्हें छोड़ने वाले नहीं हैं।” राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी के पास इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े ठोस दस्तावेजी प्रमाण मौजूद हैं, और कांग्रेस इसे कानूनी व संवैधानिक मंचों पर उठाएगी।









