पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित हो रहे जिला कांगड़ा में इस वर्ष पर्यटन विभाग ने दस लाख पर्यटकों के कदम धरने की उम्मीद जताई है। पिछले वर्ष 8 लाख से अधिक पर्यटकों ने कांगड़ा घाटी का दौरा किया था, जबकि इस वर्ष जून माह तक ही साढ़े तीन लाख से अधिक पर्यटक कांगड़ा घाटी का भ्रमण कर चुके हैं। हालांकि अभी बरसात का मौसम है, लेकिन बरसात में भी पर्यटक आमद पिछले वर्षों में अच्छी रही है। कोविड के बाद पिछले वर्ष पर्यटकों की संख्या में अच्छी वृद्धि देखी गई थी, जिसके चलते पर्यटन विभाग इस वर्ष कांगड़ा घाटी में दस लाख पर्यटकों के आने की उम्मीद लगाए हुए है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो करीब 8 लाख पर्यटक पिछले वर्ष धर्मशाला आए थे, इस वर्ष जून तक 3 लाख 70 हजार के लगभग पर्यटक धर्मशाला सहित जिला कांगड़ा का भ्रमण कर चुके हैं। इसमें धर्मगुरु दलाईलामा के जन्मदिन पर आए पर्यटक भी शामिल हैं। बरसात के बाद पर्यटकों की संख्या बढऩे की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि इस वर्ष, पिछले वर्ष की अपेक्षा पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और पर्यटकों का आंकड़ा 8 से 10 लाख तक पहुंचेगा।
