एशिया महाद्वीप में बीते चार दिनों से थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे सीमा संघर्ष के अब शांत होने की संभावना बन रही है। मलेशिया के विदेश मंत्री मोहम्मद हसन ने दावा किया है कि दोनों देशों ने अपने विवाद को सुलझाने के लिए मलेशिया को औपचारिक रूप से मध्यस्थ के रूप में स्वीकार कर लिया है।हालांकि तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर हाल ही में तोपों से हमला करने का आरोप लगाया है, जिससे स्थिति की संवेदनशीलता बनी हुई है।
विदेश मंत्री हसन ने बताया कि कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई सोमवार को मलेशिया पहुंचेंगे, जहां शांति वार्ता की उम्मीद की जा रही है। हसन ने कहा, “दोनों देशों ने मलेशिया पर भरोसा जताया है और मुझे मध्यस्थता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैंने थाईलैंड और कंबोडिया के विदेश मंत्रियों से भी बात की है। सभी पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए और किसी बाहरी देश को इसमें शामिल न किया जाए।”









