Himachal Shimla

आईजीएमसी गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरा युवक, 22 वर्षीय करण पटियाल की मौत

शिमला: राजधानी शिमला में आईजीएमसी के गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरकर एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना शनिवार देर रात की है। पुलिस के अनुसार, आधी रात के समय आईजीएमसी के लक्कड़ बाजार स्थित मेडिकल गर्ल्स हॉस्टल में युवक चौथी मंजिल से गिर गया। उसे तुरंत एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की पहचान करण पटियाल के रूप में हुई है, जो एक निजी विश्वविद्यालय का छात्र था और जिला कांगड़ा के पालमपुर का रहने वाला था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक देर रात गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल पर कैसे पहुंचा। इस घटना के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

आईजीएमसी अस्पताल की प्रिंसिपल सीता ठाकुर ने कहा कि हॉस्टल में एक युवक की गिरकर मौत का मामला सामने आया है। हॉस्टल की सुरक्षा के लिए दो सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, लेकिन युवक कैसे चौथी मंजिल तक पहुंचा, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।