Business National

8वें वेतन आयोग को मंजूरी, केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में 35% तक बढ़ोतरी की उम्मीद

नया साल केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आया है। केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है, जिससे लाखों कर्मचारियों को भविष्य में बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार ने तय किया है कि वेतन आयोग की गणना 1 जनवरी से मानी जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार, 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.4 से 3 के बीच रह सकता है, जिससे कर्मचारियों के वेतन में करीब 20 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी संभव है।

सरकार ने आयोग को अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया है। इस अवधि में वेतन, भत्तों और पेंशन की व्यापक समीक्षा की जाएगी। हालांकि गणना 1 जनवरी 2025 से मानी जाएगी, लेकिन कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी के लिए अभी इंतजार करना होगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 8वां वेतन आयोग वर्ष 2028 में लागू किया जा सकता है और उसी समय संशोधित वेतन दिया जाएगा। इससे पहले भी ऐसा ही हुआ था। सातवां वेतन आयोग जनवरी 2016 से लागू हुआ था, जिसे सरकार ने जून 2015 में मंजूरी दी थी और बाद में कर्मचारियों को एरियर का भुगतान किया गया था। इस बार भी कर्मचारियों को एरियर मिलने की संभावना जताई जा रही है।