दक्षिणी फिलीपींस में शुक्रवार सुबह जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.6 मापी गई. भूकंप के बाद फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी (Phivolcs) ने तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है. भूकंप का केंद्र समुद्रतटीय क्षेत्र के पास, जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था, जिससे समुद्र में तेज हलचल की संभावना जताई जा रही है.
Phivolcs के अनुसार, सुनामी की लहरें सामान्य समुद्री स्तर से 1 मीटर या उससे अधिक ऊंची हो सकती हैं. खासतौर पर संकीर्ण खाड़ियों और जलमार्गों में इनकी ऊंचाई और खतरा और भी बढ़ सकता है. चेतावनी में कहा गया है कि पहली सुनामी लहरें सुबह 09:43 से 11:43 (PST) के बीच तटों से टकरा सकती हैं और ये लहरें कई घंटों तक जारी रह सकती हैं.
यूएस सुनामी वार्निंग सिस्टम ने भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में जानलेवा सुनामी की आशंका जताई है. फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आफ्टरशॉक्स की आशंका बनी हुई है. स्थानीय प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. आपातकालीन सेवाएं सतर्क हैं और नागरिकों से सरकारी निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है. गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी फिलीपींस में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 74 लोगों की मौत हुई थी. इसके अलावा, एक दिन पहले चीन के सिचुआन प्रांत में भी 5.4 तीव्रता का भूकंप आया था.









