रेखा गुप्ता के रूप में दिल्ली को नई मुख्यमंत्री मिल गई हैं. वह आज यानी गुरुवार को सीएम पद की शपथ लेंगी. वह दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री होंगी. उनके साथ कई विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा. शपथ ग्रहण का कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगा. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शपथ ग्रहण में शामिल होने वाले लोगों को समय से पहले रामलीला मैदान पहुंचने की सलाह दी गई है.
कौन हैं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं. 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था. उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी थे. रेखा गुप्ता की पढ़ाई दिल्ली से हुई है और वो एलएलबी पास हैं. दिल्ली में पढ़ाई के दौरान ही वे ABVP से जुड़ गईं थी. रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव व अध्यक्ष रह चुकी हैं.
वे 2007-09 के दौरान एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की दो साल तक अध्यक्ष रहीं. फिर दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं. 2010 में उन्हें भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी गई. रेखा गुप्ता को 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से चुनाव में उतारा गया. लेकिन इस दोनों ही चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. लांकि, 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने वंदना कुमारी को बड़े अंतर से हरा दिया.
रेखा गुप्ता की कैबिनेट में कौन-कौन?
मुख्यमंत्री के चयन के बाद दिल्ली की कैबिनेट भी सामने आ गई है. नए मंत्रिमंडल में प्रवेश वर्मा (जाट), मनजिंदर सिरसा (सिख), आशीष सूद (पंजाबी) और रविंदर इंद्रज सिंह (दलित) शामिल होंगे. पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व पंकज सिंह और कपिल मिश्रा करेंगे. रेखा गुप्ता के साथ कुल छह मंत्री गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ लेंगे.
रामलीला मैदान में शपथग्रहण
रामलीला मैदान में 20 फरवरी को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं. पार्टी नेताओं के मुताबिक, रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम में करीब 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना शामिल होंगे हैं.