National

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 6 बड़े फैसले, जल जीवन मिशन 2.0 को मिली मंजूरी

केंद्रीय कैबिनेट ने आज महत्वपूर्ण बैठक में छह बड़े निर्णय लिए। इसमें जल जीवन मिशन 2.0 को मंजूरी दी गई है, जिसे अब 2028 तक बढ़ाया जाएगा। इस मिशन के लिए कुल 8.7 लाख करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह योजना देश में पानी की उपलब्धता और सुरक्षित जल आपूर्ति को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।

कैबिनेट ने मदुरै एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने का भी निर्णय लिया। मदुरै एयरपोर्ट तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्से के लिए महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है और पर्यटन, व्यापार तथा तीर्थयात्रा को बढ़ावा देने में मदद करेगा। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी पर निर्णय लिया गया। जेवर एयरपोर्ट की लागत को रिवाइज किया गया और इसे फरीदाबाद से जोड़ने वाली एलिवेटेड रोड को मंजूरी दी गई। रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सैंथिया-पाकुड़ और संतरागाछी-खड़गपुर के बीच चौथी रेल लाइन का प्रोजेक्ट भी मंजूर किया गया। कैबिनेट ने मध्य प्रदेश के हाइवे प्रोजेक्ट को भी हरी झंडी दी।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के प्रभाव को भारत के नागरिकों पर कम करने के लिए समन्वित रूप से काम करें और किसी भी संभावित चुनौती के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करें। ये फैसले देश के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।