World

जापान में 6.7 तीव्रता का भूकंप, तटीय इलाकों में सुनामी अलर्ट

जापान में शुक्रवार सुबह एक बार फिर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। समुद्र क्षेत्र में आए 6.7 तीव्रता के इस भूकंप ने तटीय इलाकों से लेकर दूर-दराज के शहरों तक जमीन को हिला दिया। भारतीय समयानुसार सुबह 8:14 बजे आए इस भूकंप की गहराई करीब 10.7 किलोमीटर थी। झटके इतने तेज थे कि लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागना शुरू कर दिया, जबकि दुकानों और कार्यालयों में अलार्म बजने लगे।

भूकंप के तुरंत बाद जापान के मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की कि तटीय क्षेत्रों में एक मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। दोपहर तक कई क्षेत्रों में लगातार अलर्ट जारी रखा गया। विशेष रूप से होक्काइडो सेंट्रल पैसिफिक कोस्ट, आओमोरी, इवाते और मियागी प्रीफेक्चर को सबसे अधिक जोखिम वाला बताया गया, जहां ऊंची लहरों की आशंका जताई गई है।

इस सप्ताह जापान भूकंपों की मार लगातार झेल रहा है। सोमवार को 7.6 तीव्रता का भीषण झटका लगा था, जिसमें 50 से अधिक लोग घायल हुए और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। कई जगहों पर सड़कें टूट गईं और इमारतों में दरारें आ गईं। मंगलवार को होंचो में 6.7 तीव्रता का झटका महसूस किया गया, जबकि आओमोरी और होक्काइडो क्षेत्रों में 6.5 तीव्रता का भूकंप आया। शुक्रवार का भूकंप इस सप्ताह का चौथा बड़ा झटका है।