Haryana

हरियाणा में जल्द खुलेंगें 35 डिजिटल आधार केंद्र: रेडक्रॉस अब बनेगा नागरिक सुविधा हब

हरियाणा में आधार सेवाओं से जुड़ी लंबी कतारों और तकनीकी परेशानियों से जल्द राहत मिलने वाली है। राज्य सरकार ने हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के जिला कार्यालयों में आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड ने 35 आधार एनरोलमेंट किट्स जारी करने की मंजूरी दी है। इन किट्स के माध्यम से नागरिक अब जिला स्तर पर ही नई नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर संशोधन, पता परिवर्तन और अन्य सुधार जैसी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। इससे बैंक, डाकघर या अन्य सेवा केंद्रों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।

राज्य में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत रेडक्रॉस को आधार सेवा से जोड़ना प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि यह मॉडल सफल हुआ, तो भविष्य में अन्य नागरिक सेवाएं भी रेडक्रॉस कार्यालयों से उपलब्ध कराई जा सकती हैं। अब तक रेडक्रॉस आपदा प्रबंधन, रक्तदान और सामाजिक सेवाओं के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन अब यह संस्था डिजिटल जनसेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी। विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लोगों को इस कदम से सीधे लाभ मिलेगा, जहां आधार अपडेट के लिए सीमित विकल्प उपलब्ध थे।

यह पहल रेडक्रॉस कार्यालयों को बहु-उद्देश्यीय नागरिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।