गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक ही पते पर 25 पासपोर्ट बनने का मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि इन सभी पासपोर्टों में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने पासपोर्ट विभाग को सूचित किया और 25 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पासपोर्ट अगस्त-सितंबर 2022 के बीच बनवाए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इन्हें किसी बड़ी योजना या फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गैंग के लिए तैयार किया गया। पुलिस पासपोर्ट विभाग की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस मामले में शामिल पोस्टमैन अरुण कुमार ने पुलिस को बताया कि दो युवकों ने उसे प्रत्येक पासपोर्ट के लिए 2,000 रुपए की पेशकश की और उसने पैसे लेकर पासपोर्ट संबंधित पते पर दिए। पुलिस ने पोस्टमैन सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास फर्जी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस वेरिफिकेशन और पासपोर्ट विभाग की जांच के बावजूद यह कैसे संभव हुआ। विभाग और पुलिस दोनों इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। मामले की पूरी जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।









