World

मेक्सिको के सोनारा में सुपरमार्केट में धमाका, 23 की मौत और 11 घायल

मेक्सिको के सोनारा राज्य की राजधानी हर्मोसिलो में रविवार को एक सुपरमार्केट में हुए भीषण विस्फोट से कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं। सोनारा के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोट शहर के एक डिपार्टमेंटल स्टोर में हुआ, जिसके बाद आग तेजी से इमारत और आसपास खड़ी गाड़ियों में फैल गई। कई लोग अंदर फंस गए थे। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और फंसे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया। 12 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने इस हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि वह सोनोरा के गवर्नर से लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने गृह मंत्री रोजा इसेला रोड्रिग्ज को निर्देश दिया है कि घायलों और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए विशेष टीम भेजी जाए।

स्थानीय रेड क्रॉस प्रमुख कार्लोस फ्रीनर के अनुसार, मृतकों में 12 महिलाएं, 5 पुरुष, 4 युवा और 2 बच्चियां शामिल हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव कार्य में 40 से अधिक कर्मचारी और 10 एंबुलेंस जुटी हुई हैं। राज्य के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो सालास ने बताया कि ज्यादातर मौतें जहरीले धुएं से दम घुटने के कारण हुई प्रतीत होती हैं।

घटना के समय मेक्सिको में पारंपरिक ‘डे ऑफ द डेड’ उत्सव मनाया जा रहा था। दमकल विभाग ने बताया कि आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है। अधिकारियों ने इस घटना के पीछे किसी आतंकी या नस्लीय हिंसा की संभावना से इनकार किया है और कहा है कि शुरुआती जांच के मुताबिक यह हादसा शॉर्ट सर्किट से हुई आग के कारण हुआ।