नया साल 2026 देशभर में भीषण ठंड के साथ शुरू हुआ है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहाड़ी राज्यों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड और घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। 1 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान बेहद कम रहा। राजस्थान, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में तापमान 4 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों—नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम—में भी कड़ाके की ठंड देखने को मिली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले दो दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं अगले 5 से 7 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा के कई इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में भी सुबह और रात के समय कोहरे का असर बना रहेगा।









