World

केन्या में विमान क्रैश, 12 लोगों की मौत की आशंका

केन्या के तटीय क्षेत्र क्वाले में मंगलवार को एक विमान दुर्घटना हुई, जिसमें कम से कम 12 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार यह विमान डियानी एयर स्ट्रिप से उड़ान भरकर मासाई मारा राष्ट्रीय रिजर्व की ओर जा रहा था, लेकिन रास्ते में पहाड़ी और जंगली इलाके में क्रैश हो गया. विमान पूरी तरह से नष्ट हो गया और कोई जीवित नहीं बचा.

स्थानीय मीडिया के अनुसार विमान क्वाले काउंटी के त्सिम्बा गोलिनी इलाके में गिरा और इसके संपर्क में आने से कुछ घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं. केन्या सिविल एविएशन अथॉरिटी (KCAA) ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर 5Y-CCA था और यह डियानी से किचवा टेम्बो की ओर जा रहा था. स्थानीय समयानुसार यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई.

अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार लोग पर्यटक थे. विमान हादसे के तुरंत बाद स्थानीय आपात सेवाओं और अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. हालांकि पहाड़ी और जंगली इलाके में दुर्घटना होने की वजह से राहत कार्य में कठिनाई आई. इस विमान हादसे ने केन्या के तटीय क्षेत्र में सुरक्षा और हवाई यात्रा की सतर्कता पर सवाल उठाए हैं. अधिकारियों ने घटनास्थल पर विस्तृत जांच शुरू कर दी है और सभी सुरक्षात्मक उपायों को सक्रिय रखा है. स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल प्रभावित लोगों की मदद के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं.