पटना, 16 अगस्त 2025 |
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवाओं और उद्यमियों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। नीतीश ने कहा कि राज्य सरकार अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2020 में शुरू किए गए सात निश्चय-2 कार्यक्रम के तहत 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों और अन्य अवसरों के माध्यम से रोजगार दिया जा चुका है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि इस लक्ष्य को सरकार ने पूरा कर लिया है और अब अगले चरण की दिशा में काम किया जाएगा।
उद्योगों को मिलेगा विशेष पैकेज
सरकार ने निजी क्षेत्र में निवेश और उद्योग लगाने वालों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज का भी ऐलान किया है। इसके तहत कैपिटल सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी और जीएसटी प्रोत्साहन राशि को दोगुना किया जाएगा।
मुफ्त जमीन और विवाद का निपटारा
नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। जो उद्योग ज्यादा रोजगार देंगे उन्हें मुफ्त में जमीन दी जाएगी। साथ ही, उद्योगों को दी जाने वाली जमीन से जुड़े विवादों को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
छह महीने में लागू होंगी नई सुविधाएं
सरकार का कहना है कि उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को ये सभी सुविधाएं अगले छह महीनों के भीतर मिलनी शुरू हो जाएंगी। इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
लक्ष्य: आत्मनिर्भर और सुरक्षित भविष्य
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि इन कदमों से बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिले, युवाओं को नए अवसर प्राप्त हों और वे दक्ष एवं आत्मनिर्भर बनकर सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ें।









